प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल परियोजना और गो-आश्रय स्थलों का किया निरीक्षण
बाराबंकी, 31 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री एवं बाराबंकी के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाटा-बरौली, नगरीय पेयजल परियोजना, कान्हा गौशाला तथा निवलेट फार्म एवं गो-आश्रय स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री ने सीएचसी जाटा-बरौली में ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल तक जाने वाले संपर्क मार्ग को भी शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा।
इसके बाद मझलेपुर में निर्माणाधीन ओवरहेड पानी की टंकी का निरीक्षण कर निर्माण कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नगरवासियों को जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
नगर पालिका परिषद नवाबगंज स्थित कान्हा गौशाला में प्रभारी मंत्री ने गौवंशों के रखरखाव, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं बंकी स्थित निवलेट फार्म एवं गो-आश्रय स्थल में भ्रूण प्रत्यारोपण प्रयोगशाला और कुक्कुट पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंशों के लिए पर्याप्त साइलेज, हरा चारा और भूसा उपलब्ध कराने तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गौवंशों को गुड़, चना और केला खिलाया तथा गोशाला परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी