फर्रुखाबाद : नाव से बाढ़ पीड़ितों की सुध लेने पहुंचे प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित डौली की मड़ैया का किया निरीक्षण, ग्रामीणों को वितरित की राहत सामग्री किट
फर्रुखाबाद, 13 अगस्त (हि. स.)। मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश एवं प्रभारी मंत्री जनपद फर्रुखाबाद जयवीर सिंह ने गुरुवार को अपने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत सदर तहसील स्थित विकासखण्ड बढ़पुर के बाढ़ प्रभावित मजरा डौली की मड़ैया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर तथा जिलाध्यक्ष भाजपा शफतेहचंद्र वर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों को जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को पका हुआ भोजन वितरित किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से भोजन एवं राहत व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है।
मंत्री ने मौके पर बाढ़ प्रभावित ग्रामवासियों को राहत सामग्री किट, पका हुआ भोजन, गृह अनुदान राशि एवं आवासीय पट्टा भूमि आवंटन स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, इसके साथ ही बच्चों को बिस्किट व चॉकलेट भी वितरित की, इस दौरान मंत्री ने बाढ़ प्रभावित ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन आप सभी की सेवा में प्रत्येक समय तत्परता के साथ खड़ा है। आपदा की स्थिति में किसी भी ग्रामीण को समस्या होने पर वह तुरंत आपदा कंट्रोल रूम के सहायता टोल फ्री नंबर 1077 एवं मो0न0 05692235077 व 09454416457 पर संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य, शरणालयों की व्यवस्था, खाद्यान्न, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पशुओं की सुरक्षा के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ निरंतर कार्यरत हैं। हमारा प्रयास है कि किसी भी नागरिक को कठिनाई का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शरणालय स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 नीरज कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar