मां गंगा हमारी आस्था का प्रतीक हैं : बेबी रानी मौर्या

 


--योगी सरकार के सुशासन के 9 वर्ष पूर्ण होने पर गिनाई उपलब्धियां

झांसी, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूर्ण होने पर धूमधाम से इसे उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर झांसी की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने मां गंगा में मुर्गे की टागें फेंकना दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मां गंगा हमारी आस्था का प्रतीक हैं, यह उन्हें मानना चाहिए। यदि उनकी मस्जिदों में नफरत करने वाले पशुओं की हड्डियों को फेंका जाए तो दंगे हो जाएंगे। उन्हें हिंदुओं की आस्था का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं बल्कि पशु पक्षियों को भी जीवन प्रदान करती है। इसलिए हम सभी उन्हें गंगा मां कहते हैं। एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि विपक्षियों को आज कांशीराम याद आ रहे हैं। उन्होंने मंडी में 9 महीने से फुंके हुए ट्रांसफार्मर को ठीक कराने के लिए डीएम से बात करने को कहा। साथ ही बीते दिनों सांसद की जमीन समेत कई लोंगो की जमीन पर फर्जी तरीके से बीमा निकालने के मामले में पूछे गए असफल बीमा प्रणाली के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। यदि ऐसी कोई शिकायत उन्हें मिलती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इससे पूर्व उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अब उत्सव प्रदेश, उन्नति प्रदेश के रूप में मनाया जा रहा है। 9 वर्ष का मूल मंत्र भयमुक्त सुशासन,भाई भतीजा वाद से मुक्त उत्तर प्रदेश है। 9 वर्ष पूर्व गुंडा टैक्स व काटो और बांटो की राजनीति थी। इससे पूर्ववर्ती सरकारों में न महिला, न व्यापारी सुरक्षित था। 2017 से पहले दंगे होते थे। अब कोई दंगे नहीं होते। 6 बजे के बाद व्यापारी अपनी दुकान चलाते हैं। निवेश के नए द्वार खुले हैं। बुंदेलखंड को संतुलित व तेज गति देने के लिए योगी सरकार ने बीडा की सौगात दी है। अब गुणवत्तापूर्ण टिकाऊ कार्य सड़कों का हुआ है। सेतु निर्माण में तेजी लाकर नदियों व प्राकृतिक बाधाओं को निस्तारित करने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि आज 50 बच्चों व खिलाड़ियों को थोड़ा सा प्रोत्साहित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पलायन का आंकड़ा नहीं है, बीड़ा के बाद रुकेगा पलायन। युवा स्वयं अपना रोजगार अपनी रुचि अनुसार खोजें।

इस अवसर पर एमएलसी रमा आरपी निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, डॉ. बाबूलाल तिवारी, विधायक डॉ. रश्मि आर्या, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जमुना कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया