योगी के मंत्री असीम अरुण त्रिपुरा के दिवंगत डीजीपी अनुराग की अंतिम यात्रा में हुए शामिल, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 


लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बुधवार काे बागपत पहुंचकर त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) स्व. अनुराग धनखड़ के अंतिम संस्कार में भाग लिया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मूलरूप से बागपत निवासी अनुराग धनखड़ और मंत्री असीम अरुण 1994 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने एक ही साथ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में अपना करियर शुरू किया था और मसूरी स्थित 'लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी' (एलबीएसएनएए) और हैदराबाद की 'सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी' (एसवीपीएनपीए) में ट्रेनिंग ली थी। सयुंक्त राष्ट्र मिशन कोसोवो में भी अनुराग साथ थे।

अपने बैचमेट और अभिन्न मित्र को अंतिम विदाई देते हुए मंत्री असीम अरुण काफी भावुक नजर आए। अंतिम संस्कार के दौरान मंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक