दूध उत्पादन में देश में नंबर वन यूपी, आठ साल में करीब 40 फीसदी की हुई वृद्धि
लखनऊ, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश ने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए देश में अपनी नंबर वन की स्थिति मजबूत की है। प्रदेश में पिछले आठ वर्षों के दौरान दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2016-17 में जहां प्रदेश में 277 लाख मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता था, वहीं वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया। देश के कुल दुग्ध उत्पादन में 16 फीसदी हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य भी यूपी से पीछे हैं।
प्रदेश की यह उपलब्धि केवल दूध उत्पादन के आंकड़ों तक सीमित नहीं है। योगी सरकार में डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के स्वरोजगार और देशी गोवंश के संरक्षण से जोड़कर एक व्यापक आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। एक ओर ग्रामीण महिलाएं दुग्ध समितियों और महिला नेतृत्व वाली कंपनियों के जरिए दूध के संग्रह और कारोबार की कमान संभाल रही हैं, वहीं दूसरी ओर देशी गायों पर आधारित 150 से अधिक उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूपी की पहचान बनाई है। गाजियाबाद के हेता (HETHA) मॉडल के जरिए एक हजार से अधिक देशी गायों पर आधारित करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना एथिकल डेयरी कारोबार खड़ा हुआ है। इसके उत्पाद अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया समेत 10 से अधिक देशों तक पहुंच रहे हैं।
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की यह वृद्धि योजनाबद्ध विकास और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जमीनी स्तर पर किए गए ठोस प्रयासों का परिणाम है। सरकार की ओर से पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से गाजियाबाद के असीम रावत ने देशी गायों के संरक्षण और उन पर आधारित उत्पादों को बाजार से जोड़ने की पहल की। असीम रावत अमेरिका समेत कई देशों की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 वर्ष तक इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने गो संरक्षण को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। आज करीब 100 लोगों की टीम के साथ वह एक हजार से अधिक देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों के निर्माण का काम कर रहे हैं।
चार लाख से अधिक महिलाओं ने संभाली दुग्ध कारोबार की कमान
उत्तर प्रदेश की दुग्ध क्रांति में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बनकर उभरी है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस व्यवस्था से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार डिजिटल डेयरी नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं की आमदनी और कारोबार में उनकी भागीदारी को मजबूत किया है। दूध संग्रह से लेकर उसकी गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान तक की व्यवस्था को डिजिटल बनाया गया है। मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों के माध्यम से दूध की मात्रा, फैट की जांच, कीमत और भुगतान का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध हो रहा है। इससे महिलाओं को दूध का सही मूल्य जानने और कारोबार का हिसाब रखने में आसानी हो रही है। महिला नेतृत्व वाले इस मॉडल ने उन्हें केवल दूध उत्पादक के बजाय डेयरी कारोबार की संचालक और निर्णयकर्ता के रूप में स्थापित किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन