वर्मा नदी में डूबने से अधेड़ की मौत
हमीरपुर, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रिश्तेदारी में रहकर भैंस चराने गए अधेड़ की नदी में डूब जाने से मौत हो गई। 12 घंटा बाद शव नदी में उतराता मिला है। बुधवार को मृतक की भांजी की सूचना पर पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पीएम के लिए भेज दिया है।
बिवांर थाना के महेरा गांव का वरदानी 58 वर्ष पुत्र गोपाल वर्मा जलालपुर थाना के कटेहरी गांव में अपनी भांजी आरती पत्नी नरेंद्र वर्मा के घर में करीब 10 साल से रहता था। हर दिन की तरह अपनी भांजी की भैंस को लेकर चराने के लिए गांव के पास से निकली वर्मा नदी के किनारे खेत में गया था। जो नदी में पैर के फिसल जाने से डूब गया था। शाम को घर वापस न आने पर उसकी तलाश की गयी जबकि भैंस वापस शाम को घर आ गई थी। तलाश करने के दौरान उसका शव नदी में उतराता मिला। भांजी की सूचना पर एसआई विजय मिश्रा ने शव को बाहर निकालकर कार्रवाई कर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई ने बुधवार को बताया कि शव के 12 घंटा नदी में पड़े रहने से बदबू आने लगी थी। चेहरे को मछलियों ने नोच डाला था।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा