परिषदीय स्कूलों में 16 जून से शुरू होगा शैक्षिक सत्र, विद्यालय स्तर पर तैयार होगा मिड-डे मिल
मुरादाबाद, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के परिषदीय स्कूलों में 16 जून से नया शैक्षिक सत्र शुरू होने के साथ ही मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) विद्यालय स्तर पर ही तैयार किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि 16 जून से किसी भी विद्यालय में मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए, यदि कहीं कोई बाधा आई तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, इससे पहले नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में स्वयंसेवी संस्थाओं के स्थान पर स्कूल स्तर पर भोजन बनवाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन तैयारियां पूरी नहीं हो पाई थीं। इस वजह से 20 मई 2026 तक स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से भोजन व्यवस्था जारी रखी गई थी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अब 16 जून से स्कूल खुलने जा रहे हैं। ऐसे में सभी स्कूलों में बच्चों के लिए मिड-डे मील की व्यवस्था ही सुनिश्चित करनी होगी। मध्याह्न भोजन निधि खाते में उपलब्ध धनराशि से बर्तन, गैस चूल्हा, सिलिंडर, तेल, मसाले और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद की जाएगी।
भोजन वितरण में बाधा आई तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ होगी कार्रवाई
बीएसए अमित सिंह ने बताया कि छात्र संख्या के आधार पर रसोइयों का चयन भी किया जाएगा। एक से 25 बच्चों तक एक रसोइया, 26 से 100 तक दो, 101 से 200 तक तीन, 201 से 300 तक चार और 301 से 1000 तक पांच रसोइयों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को निर्देश दिया कि 16 जून से किसी भी विद्यालय में मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि किसी स्कूल में आवश्यक तैयारियां पूरी न होने के कारण भोजन वितरण में बाधा आती है तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल