एमजीयूजी में रासेयो स्वयंसेवक पंकज का राष्ट्रीय स्तर पर चयन
गोरखपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में स्थित महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की माता शबरी इकाई के स्वयंसेवक पंकज चौरसिया का चयन माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 के अंतिम चरण के लिए किया गया है। यह एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर का वर्चुअल संवाद कार्यक्रम है, जिसमें प्रतिभागियों को भारत के प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर प्राप्त होगा। पंकज चौरसिया एमजीयूजी में बी. फार्मा द्वितीय वर्ष के छात्र हैं।
देश भर से 12 लाख से अधिक प्रतिभागियों के मध्य प्रतिस्पर्धा के उपरांत अंतिम चरण हेतु चयनित होकर पंकज चौरसिया में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं सशक्त अभिव्यक्ति का परिचय प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम का अंतिम चरण 12 एवं 13 अप्रैल को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस उपलब्धि पर एमजीयूजी के कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह, कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव, उप कुलसचिव (प्रशासन) श्रीकांत, फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. शशिकांत सिंह, एनसीसी एएनओ डॉ. संदीप श्रीवास्तव, रासेयो के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. धनंजय पांडेय, माता शबरी इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित उपाध्याय आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय