1281 बूथों से गूंजा ‘मन की बात’ का संदेश, गोविंद नगर में बड़ी स्क्रीन पर हुआ लाइव प्रसारण : शंकर लाल लोधी

 


कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे सामान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रयासों को देश के सामने रखते हैं। यह बातें रविवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुन्देलखण्ड के क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को लेकर रविवार को कानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में उत्साह रहा। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। यहां युवाओं, महिलाओं और छात्रों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गोविंद नगर में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडे, एमएलसी मानवेंद्र सिंह, सलिल विश्नोई, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, आदित्य त्रिवेदी, वीरेंद्र तिवारी और भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत अन्य नेता मौजूद रहे। बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री का संबोधन शुरू होते ही कार्यकर्ताओं ने ध्यानपूर्वक ‘मन की बात’ सुनी।

बूथ स्तर तक पहुंचा प्रधानमंत्री का संवाद

भाजपा कानपुर उत्तर जिले के सभी 1281 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। बूथ समितियों के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की। ‘मन की बात’ के क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी ने सीसामऊ विधानसभा के बूथ संख्या 243 पर बूथ समिति के सदस्यों के साथ कार्यक्रम सुना। इसके बाद बूथ समिति की बैठक कर बूथ पर हुई गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान शक्ति केंद्र संयोजक संतोष सिंह, बूथ अध्यक्ष विजय दूबे समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कौशलपुरी के बूथ संख्या 223 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने बताया कि कानपुर उत्तर जिले के सभी 1281 बूथों पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का श्रवण किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम के जरिए कार्यकर्ताओं को समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप