“वन आवर फॉर स्पोर्ट्स” के संकल्प के साथ दिया स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का संदेश

 


मुरादाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। दयानंद आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, मुरादाबाद में आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में “वन आवर फॉर स्पोर्ट्स” विषय पर राष्ट्रीय स्तरीय वर्चुअल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वर्चुअल संगोष्ठी का आयोजन महाविद्यालय के ऑफिशियल फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण किया गया। वहीं “वन आवर फॉर स्पोर्ट्स” के संकल्प के साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं समाज में खेल, शारीरिक सक्रियता, फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और खेलों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सीमा रानी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए मेजर ध्यानचंद के भारतीय खेल जगत में अविस्मरणीय योगदान का स्मरण किया तथा छात्राओं को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

आईक्यूएसी संयोजिका प्रो. रीना मित्तल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए आमंत्रित संसाधन व्यक्तियों का विशेष स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन के लिए खेल और फिटनेस की आवश्यकता को रेखांकित किया।

संगोष्ठी में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अर्चना चहल, के.जी.के. कॉलेज, मुरादाबाद के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर प्रो. अनिल चौहान तथा डीएसएसएसबी, दिल्ली में शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता डॉ. सूरज सिंह पंवार ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में सहभागिता की। वक्ताओं ने राष्ट्रीय खेल दिवस के संदर्भ में खेलों के महत्व, शारीरिक सक्रियता, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित प्रेरक संदेश दिए।

कार्यक्रम के दौरान “फिट इंडिया/स्पोर्ट्स एंड फिटनेस प्लेज” के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने तथा प्रतिदिन खेल एवं फिटनेस के लिए समय देने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के मॉडरेशन तथा फिटनेस प्लेज में प्रो. अर्चना राठौर की विशेष भूमिका रही। वहीं प्रो. मणि बंसल ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर “संकल्प” के माध्यम से सभी को स्वस्थ, सक्रिय एवं खेलोन्मुख जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस संबंधी संकल्प की घोषणा की गई और उपस्थित प्रतिभागियों ने “वन आवर फॉर स्पोर्ट्स” की भावना को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों तथा विभिन्न स्थानों से जुड़े प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की आयोजन सचिव अनीता फर्स्वान ने संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन किया। उन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों एवं वक्ताओं के सत्रों का समन्वय करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के उद्देश्य को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी संसाधन व्यक्तियों, अतिथि वक्ताओं, प्रवक्ता बहनों, छात्राओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन मेजर ध्यानचंद के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ “प्रतिदिन एक घंटा खेल और फिटनेस के लिए” समर्पित करने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल