मेधावियों की पढ़ाई का जिम्मा लेगा एकमतेज फाउंडेशन
कुरसंडा इंटरमीडिएट कॉलेज में रविवार को होगा आयोजन, पहले चरण में 30 शिक्षार्थियों के होगा चयन
हाथरस, 02 मई (हि.स.)। एकमतेज फाउंडेशन रविवार को कुरसंडा इंटरमीडिएट कॉलेज में सक्षमतेज छात्रवृत्ति कार्यक्रम (2026-27) का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
इस पहल के तहत 30 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित छात्रों को शैक्षणिक किट, दो वर्षों की छात्रवृत्ति और स्मार्ट क्लासेस की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस छात्रवृत्ति कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आईआईटी, नीट और एनडीए जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसका लक्ष्य उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में मदद करना है।
संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के उन प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है, जो संसाधनों के अभाव का सामना कर रहे हैं। फाउंडेशन का मानना है कि उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर ये छात्र भी बड़े संस्थानों में चयनित होकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
संस्था के संस्थापक तेजवीर सिंह ने शनिवार काे बताया कि यह कार्यक्रम छात्रों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे। तेजवीर सिंह ने क्षेत्र के अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करें और उनका मार्गदर्शन करें, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर मजबूती से कदम बढ़ा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना