ड्रोन हमले के बीच कानपुर के नितिन ने मर्चेंट नेवी के 21 साथियों की बचाई जान
कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कानपुर जनपद के श्याम नगर निवासी नितिन शुक्ला ने समुद्र में जहाज पर हुए ड्रोन हमले के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। मर्चेंट नेवी (व्यापारी नौसेना) में चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात नितिन ने संकट के बीच जहाज पर मौजूद 21 क्रू मेंबर्स को लाइफबोट के जरिए सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई। सभी साथियों के सुरक्षित निकलने के बाद वह खुद लाइफबोट में सवार हुए। लंबे इंतजार के बाद नितिन सकुशल घर लौटे तो परिवार ने राहत की सांस ली।
नितिन पिछले 20 वर्षों से मर्चेंट नेवी में सेवाएं दे रहे हैं। वह लखनऊ की कंपनी फ्लीट मैनेजमेंट में कार्यरत हैं। जून में तेल लेने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) गए नितिन का जहाज हॉर्मुज क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात के बीच फंस गया था। इसी दौरान नौ अक्टूबर को उनके जहाज पर ड्रोन हमला हुआ। हमले के बाद जहाज पर मौजूद लोगों के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया।
मुश्किल हालात में नितिन ने अपनी सुरक्षा से पहले साथियों को बचाने पर ध्यान दिया। उन्होंने जहाज पर मौजूद 21 क्रू मेंबर्स को लाइफबोट तक पहुंचाने और सुरक्षित निकालने में मदद की। सभी के निकलने के बाद वह खुद लाइफबोट में सवार हुए। इस हमले में उनके पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी जहाज पर ही जल गए।
उधर, कानपुर में नितिन के परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही थी। बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए परिजनों ने सांसद रमेश अवस्थी से संपर्क किया। इसके बाद नितिन को भारत वापस लाने के प्रयास किए गए। आखिरकार उनकी सकुशल वापसी हुई। भारतीय जनता पार्टी के सह कोषाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष शैल शुक्ला अपने साथियों के साथ शनिवार को अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वह नितिन को लेकर श्याम नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचे।
घर लौटने पर नितिन ने जहाज पर हुए ड्रोन हमले और उस दौरान पैदा हुए हालात के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि संकट के समय किस तरह सभी ने हिम्मत बनाए रखी और सुरक्षित निकलने का प्रयास किया। लंबे समय तक घर से दूर रहने और जानलेवा परिस्थिति का सामना करने के बाद परिवार के बीच लौटना उनके लिए बड़ी राहत का पल रहा।
नितिन की वापसी पर उनके पिता राजेश शुक्ला भावुक हो गए। उन्होंने नवरात्र के पावन महीने में बेटे के सकुशल घर लौटने को माता रानी का आशीर्वाद बताया। बेटे की सुरक्षा को लेकर परिवार में बनी चिंता अब खुशी में बदल गई। जहाज पर संकट के बीच 21 साथियों को सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाने वाले नितिन की घर वापसी पूरे परिवार के लिए राहत और खुशी लेकर आई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप