मानसिक स्वास्थ्य के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय की नई पहल ‘साथी’ शुरू
तनाव, अवसाद और भावनात्मक समस्याओं से जूझ रहे विद्यार्थियों को मिलेगा परामर्श व सहयोग
जौनपुर, 27 मई (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘साथी’ नामक नई पहल शुरू की है। विश्वविद्यालय के वैलनेस सेंटर द्वारा संचालित इस अभियान का जागरूकता पोस्टर बुधवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने जारी किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक चुनौतियों के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक दबाव का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह छात्रों को सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराए। स्वस्थ मन ही बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नींव है और विश्वविद्यालय चाहता है कि प्रत्येक छात्र स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और समर्थ महसूस करे।
वैलनेस सेंटर के समन्वयक एवं व्यावहारिक मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जारी पोस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, अवसाद, भय अथवा किसी भी प्रकार की परेशानी को मन में दबाने के बजाए साझा करने का संदेश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आज बड़ी संख्या में युवा परीक्षा और करियर के दबाव, असफलता के डर, घर की याद, रिश्तों में तनाव, साइबर बुलिंग और भविष्य को लेकर चिंता जैसी समस्याओं से प्रभावित हो रहे हैं। ‘साथी’ पहल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को समय पर परामर्श, भावनात्मक सहयोग और पेशेवर सहायता उपलब्ध कराना है। यह पोस्टर सोशल मीडिया के साथ-साथ छात्रावासों के कमरों, अध्ययन कक्षों और विभागों के डिस्प्ले बोर्ड पर भी लगाया जाएगा।
वैलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी डॉ. अन्नू त्यागी ने बताया कि विद्यार्थियों की सभी बातचीत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उन्हें बिना किसी भेदभाव और पूर्वाग्रह के सहायता प्रदान की जाएगी। इस पहल के सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग और वैलनेस सेंटर के विशेषज्ञों की टीम लगातार कार्य कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव