बाराबंकी में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
बाराबंकी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में कोठी थाना क्षेत्र स्थित असदामऊ गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
असदामऊ गांव स्थित हुसैन ब्रिक फील्ड के पास सोमवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटकता देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी लवलेश यादव (35) पुत्र राजाराम यादव के रूप में हुई।
घटना की सूचना पर कोठी थाना के उपनिरीक्षक विजय कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार के लोग भी घटना के पीछे की वजह बताने की स्थिति में नहीं हैं।
उप निरीक्षक विजय कुमार गुप्ता का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी