सेवा कार्यों से गोविंद हरि सिंघानिया की स्मृति को रखेंगे जीवंत : आशीष चौहान
कानपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गोविंद हरि सिंघानिया का जीवन समाजसेवा, मानवीय संवेदनाओं और जरूरतमंदों के सहयोग के लिए समर्पित रहा। उनकी स्मृति में आयोजित सेवा एवं जनकल्याण की पहलें उनके सेवा-संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाकर उनकी विरासत को जीवंत रखने का प्रयास किया जाएगा। यह बातें गुरुवार को जेके अर्बन स्केप कानपुर के निदेशक आशीष चौहान ने कहीं।
गोविंद हरि सिंघानिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से उनकी स्मृति में दो अक्टूबर को कानपुर में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक सहयोग पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। ट्रस्ट का प्रयास है कि सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाए और अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ा जाए।
कार्यक्रमों की शुरुआत दो अक्टूबर को सुबह सात बजे जेके मंदिर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग शिविर से होगी। शिविर सुबह नौ बजे तक चलेगा और दो से आठ अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह नौ बजे से डॉ. गौर हरि सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, कमला नगर में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संदेश दिया जाएगा।
सेवा कार्यक्रमों के तहत ब्लाइंड स्कूल, नौबस्ता में बच्चों को पानी की बोतलें और ब्लाइंड स्कूल, नेहरू नगर में बेडशीट वितरित की जाएंगी। पनकी स्थित वृद्धाश्रम में भोजन के पैकेट बांटे जाएंगे। वहीं राजापुरवा, नारायणपुरवा और शास्त्रीनगर के तीन प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को भोजन के साथ खिलौने, प्राथमिक चिकित्सा किट और स्टेशनरी सामग्री दी जाएगी।
इसके अलावा राजकीय बाल गृह बालक, सीटीएस बस्ती, कल्याणपुर के पास बिठूर में भी भोजन वितरण किया जाएगा। मर्चेंट चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश में खिचड़ी वितरण का आयोजन होगा। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि इन सभी गतिविधियों के माध्यम से श्री गोविंद हरि सिंघानिया के सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रमों में सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता को प्रमुखता दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप