विकास कार्यों में लापरवाही पर सतीश महाना ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 


कानपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शहर विकास कार्यों में आ रही कमियों को दूर कर योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। सड़कों की स्थिति सुधारने और विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को अधिकारियों को सख्ती से काम करने के निर्देश दिए। नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति परखते हुए अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में शहर की सड़कों, सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सतीश महाना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सामने आने वाली समस्याओं को नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि उनका समय से समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं को पूरा करने में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर किया जाए। जिन कार्यों में कमियां सामने आई हैं, उनमें सुधार कराते हुए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

सतीश महाना ने कहा कि कानपुर के समग्र विकास को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शहर में चल रहे कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जा रही है। जहां भी समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां संबंधित अधिकारियों को सुधार के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। विकास कार्यों का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए कामकाज में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप