पुलिस समकक्ष भर्ती परीक्षा में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं : मुख्य सचिव

 


भर्ती बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए सुनिश्चित: पुलिस महानिदेशक

लखनऊ, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, प्रशासनिक तैयारियों एवं निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण गंभीरता के साथ करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी स्ट्रांग रूम के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा डबल लॉक, डबल गार्ड, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। भर्ती बोर्ड द्वारा सीसीटीवी की लाइव फीड के माध्यम से सतत निगरानी की जाए। नोडल अधिकारी (प्रशासन) की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा दिवस पर निर्धारित सीरीज की गोपनीय सामग्री ही परीक्षा केंद्रों को उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सफलता प्रत्येक स्तर पर सतर्कता एवं अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही न बरती जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस एवं ट्रैफिक बल को तैनात किया जाए।

बैठक में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एस.बी. शिरडकर ने जानकारी दी कि 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगी। भर्ती परीक्षा के लिए कुल 28,86,797 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन