व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, उत्पीड़न करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई : अमित कुमार श्रीवास्तव
गोरखपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। व्यापारियों की सुरक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा जनपद पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। व्यापारियों को किसी भी प्रकार की असुरक्षा अथवा उत्पीड़न का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। व्यापारियों का उत्पीड़न करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ बाजारों में यातायात व्यवस्था, आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा व्यापारिक गतिविधियों के दौरान आने वाली विभिन्न कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर पुलिस अधीक्षक यातायात ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के प्रभावी समाधान और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने पूर्व में आयोजित बैठकों में व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निस्तारण की भी समीक्षा की। निस्तारित प्रकरणों के संबंध में संबंधित व्यापारियों से फीडबैक लिया गया। वहीं, बैठक में यातायात से संबंधित प्राप्त शिकायतों का मौके पर मौजूद यातायात अधिकारियों द्वारा समाधान कराया गया। इससे व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की संरक्षा के लिए जनपदीय पुलिस सदैव तत्पर है। किसी भी समस्या अथवा अराजक तत्वों की गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया, राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार समिति के अध्यक्ष उपेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, संरक्षक विनोद प्रताप गोविन्द राव, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के आशीष कुमार शर्मा, समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल, पदम अग्रवाल, मनीष सिंह, संतोष कुमार पोद्दार, अब्दुल मेराज, अमित टिबड़ेवाल, दशरथ गौड़ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय