पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं का बलिदान नहीं होगा व्यर्थ, हाेगी जीत : बृजलाल

 


उन्नाव, 31 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 'भारत रत्न' अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में जनपद की मोहान विधानसभा के एम.एल.जी. लॉन, हसनगंज में भव्य अटल स्मृति सम्मेलन एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की द्वितीय विधानसभा कार्यशाला का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणापुंज है। उन्होंने भावुक होते हुए अटल बिहारी वाजपेयी के साथ बिताए समय और 1977 के दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि जब अटल जी विदेश मंत्री बने, तब भी उनकी सादगी में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग मेस में आकर हम सब के साथ भोजन किया और विजिटर रजिस्टर में अपनी टिप्पणी अच्छा भोजन लिखी। वह बहुत ही सरल व्यक्तित्व के थे। अटल जी और बाबा साहब की विचाराधारा राष्ट्रवादी थी, बाबा साहेब ने भी कश्मीर को विशेष दर्जा देने और धारा 370 का कड़ा विरोध किया था।

उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए 'मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान' के महत्व को समझाया और प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा एस आई आर बहुत पवित्र कार्य है इससे लोकतंत्र और राष्ट्रवाद मजबूत होगा। बंगाल में हमारे कार्यकर्ताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं होगा। हम बंगाल भी जीतेंगे। एस आई आर में घुसपैठियों के नाम कट रहे हैं इसलिए विपक्षी हंगामा कर रहे हैं और उनमें बौखलाहट है।

जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, क्षेत्रीय महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा राम चंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अभियान संयोजक अनिल कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष राकेश कृष्ण साहू ने भी अटल जी कृतित्व व्यक्तित्व सहित मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की बारीकियों को बताया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र द्विवेदी ने किया।

इससे पूर्व पं दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में सह संयोजक कपिल निगम प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ज्ञानेंद्र शुक्ला मण्डल अध्यक्षगण सरोज सिंह चौहान, राम नरेश सिंह, दुर्गेश तिवारी एवं शशिकांत राजपूत सहित मण्डल पदाधिकारी, शक्तिकेंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों के दृष्टिगत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और जन-जन तक सरकार की योजनाओं को पहुँचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित