राष्ट्रीय शोध योजना में पीजी मेडिकल छात्रा श्वेता कटियार का चयन
कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज, मणिपाल के पैथोलॉजी विभाग की पीजी छात्रा डॉ. श्वेता कटियार का भारत सरकार के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) की एचआरडी योजना में एमडी रिसर्च 2026-27 के लिए चयन हुआ है। योजना के तहत उन्हें अपनी एमडी थीसिस के शोध कार्य के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
डॉ. श्वेता भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पीके कटियार की बेटी हैं। वह पैथोलॉजी में एमडी की पढ़ाई के साथ शोध कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस योजना में उनका चयन विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। शोध के लिए मिलने वाली सहायता से उन्हें जरूरी संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी।
डॉ. श्वेता अपना शोध कार्य डॉ. सिंदूरा लक्ष्मी केएल के मार्गदर्शन में कर रही हैं। उनके चयन से पैथोलॉजी विभाग की शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही मेडिकल छात्रों में वैज्ञानिक शोध के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। यह उपलब्धि संस्थान में शोध के बेहतर माहौल को भी मजबूत करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप