हज यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल स्क्रीनिंग
लखनऊ, 02 सितंबर (हि.स.)। हज-2027 के चयनित यात्रियों की दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग होगी। हज जाने वाले यात्रियों को 15 सितम्बर तक मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं अन्य अभिलेख वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। हज कमेटी ऑफ इण्डिया द्वारा हज-2027 के चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रथम चरण के चयन के उपरान्त तथा द्वितीय चरण की मेडिकल स्क्रीनिंग हज यात्रा की उड़ान से पूर्व कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव मोहम्मद तारिक ने बताया कि चयनित हज यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक अभिलेख हज कमेटी ऑफ इण्डिया की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर 15 सितम्बर, 2026 तक अपलोड करना अनिवार्य होगा।
हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रथम चरण की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण पत्र एवं जांच रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के समय इन्हें प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच के दौरान हज यात्री किसी भी प्रकार की बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को न छिपाएं। जांच में अनफिट पाए जाने वाले हज यात्रियों की हज यात्रा नियमानुसार निरस्त कर दी जाएगी तथा उनकी जमा धनराशि नियमों के अनुसार वापस की जाएगी। यदि किसी हज यात्री द्वारा जानबूझकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छिपाई जाती है और जांच में उसे अनफिट पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में जमा धनराशि भी जब्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन