जरूरतमंदों तक चिकित्सा उपकरण पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा मेडिकल इक्विपमेंट बैंक : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 12 जून (हि.स.)। मेडिकल इक्विपमेंट बैंक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा उपकरण पहुंचाने और इसके संचालन को पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही एक डिजिटल एप विकसित किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस में शुक्रवार को नीमा के सहयोग से मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की स्थापना की गई। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि इस पहल से जरूरतमंदों को आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने स्वयंसेवकों से लोगों को जागरूक करने और उपकरणों के सही उपयोग व वितरण में सहयोग करने की अपील की।
नीमा वूमेन फोरम उत्तर प्रदेश की सचिव डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि यह अभियान सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वास्थ्य सेवा को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति संसाधनों के अभाव में आवश्यक उपकरणों से वंचित न रहे, इसके लिए समाज को आगे आकर चिकित्सा उपकरण दान करने चाहिए। उन्होंने बताया कि नीमा इस योजना को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ा रहा है।
वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. निरंकार गोयल ने इस पहल की सराहना करते हुए उपकरण दान करने का संकल्प लिया और समाज से भी सहयोग की अपील की। वहीं एआईडब्ल्यूडीटीएस की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बिंदु सिंह ने कहा कि ऐसे जनहित के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, एसोसिएट डीन डॉ. दिग्विजय शर्मा और डॉ. प्रवीण कटियार ने परियोजना को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उपकरणों का परीक्षण, रखरखाव और वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. वी.के. दुबे, डॉ. नीरजा दुबे, डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. वर्षा प्रसाद, डॉ. चन्द्रशेखर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. हिना वैश्य ने किया।
मेडिकल उपकरण दान करने के इच्छुक लोग सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस या संबंधित समन्वयकों से संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप