कार्तिक पूर्णिमा पर मुरादाबाद रेल मंडल ने अप एंड डाउन की 44 ट्रेनों का किया संचालन
मुरादाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। मंडल में अप और डाउन की कुल 44 ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव, मेला स्पेशल ट्रेनों और अतिरिक्त सामान्य कोच की व्यवस्था की गई।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में गढ़मुक्तेश्वर, कंकाठेर, राजघाट नरौरा, बालावाली, हरिद्वार और ऋषिकेश सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट बुकिंग कर्मचारी, टिकट जांच कर्मी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए। भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की निगरानी के लिए मंडल के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर (बृजघाट) स्टेशन पर 20, कंकाठेर में 26, राजघाट नरौरा में दो और बालावाली में छह ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया गया। इसके अलावा गाजियाबाद-मुरादाबाद और दिल्ली शाहदरा-हरिद्वार के बीच दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं।
यात्रियों की सुविधा के लिए तिलक ब्रिज-बुलंदशहर मेमू का संचालन गढ़मुक्तेश्वर तक विस्तारित किया गया, जबकि 10 ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए गए।
कार्तिक पूर्णिमा पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने हरिद्वार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पुरुषोत्तम सिंह बघेल ने कंकाठेर, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि सिंह मीना ने राजघाट नरौरा और अंकित शर्मा ने गढ़मुक्तेश्वर स्टेशन पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टिकट वितरण, भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल