आईआईटी से गोल चौराहा तक सीसी सड़क के साथ बनेगी जल निकासी व्यवस्था : महापौर
कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। आईआईटी कल्याणपुर से गोल चौराहा तक सीसी सड़क का निर्माण जल निकासी की समुचित व्यवस्था के साथ कराया जाए। इसके लिए तत्काल कार्रवाई कराई जाए। यह मांग महापौर प्रमिला पांडेय ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के दौरान रखी।
महापौर ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर शहर की सड़क और यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने आईआईटी कल्याणपुर से गोल चौराहा तक सीसी सड़क बनाने के साथ जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने माल रोड, नरौना चौराहा, घंटाघर, टाटमिल चौराहा होते हुए किदवई नगर साउथ एक्स मॉल तक छह लेन उपरिगामी सेतु बनाए जाने की मांग भी रखी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह परियोजना उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आती। हालांकि टाटमिल चौराहा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ रहा है और जीटी रोड पर एलीवेटेड मार्ग का कार्य शुरू होने वाला है। उन्होंने टाटमिल को इससे जोड़ने की संभावना पर विचार करने की बात कही।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने महापौर को बताया कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से कानपुर को जोड़ने और नौबस्ता से सागर तक नए हाईवे के निर्माण का कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गडकरी ने कानपुर में निर्माणाधीन रिंग रोड की प्रगति की जानकारी भी दी। उन्होंने महापौर से रिंग रोड का काम जल्द पूरा कराने और इसके लोकार्पण की दिशा में प्रयास करने को कहा, ताकि शहर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप