आकाश आनंद शादी के पहले ठीक थे, ससुर की वजह से 4 बार बसपा से निकालना पड़ा : मायावती
लखनऊ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भतीजे आकाश आनंद के संबंध में मीडिया में चल रही खबरों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शादी से पहले कभी भी आकाश आनंद को पार्टी से बाहर नहीं किया गया। लेकिन शादी के बाद ससुर अशोक सिद्धार्थ की वजह से उन्हें कई बार पार्टी से बाहर निकालने का ठोस कदम उठाना पड़ा। लेकिन अब उन्होंने एक बार फिर आकाश पर भरोसा जताया है कि वह उनकी उम्मीद पर खरे उतरेंगे।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, आकाश आनंद को बसपा में वापस लेकर उन्हें पार्टी का पुनः राष्ट्रीय संयोजक बनाकर इनको पार्टी के कार्यों में लगा दिया गया है। आगे कहा कि आज अधिकांश मीडिया में इस बात को काफी बढ़ा-चढ़ाकर लिखा है कि आकाश आनन्द को चार बार पार्टी से निकाला गया है। लेकिन मैं इस संबंध में अवगत कराना चाहती हूं कि आकाश आनन्द की शादी होने के पहले से ही वे पार्टी में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे, जिसकी वजह से इनको पार्टी से कभी भी नहीं निकाला गया है। लेकिन इनका रिश्ता अशोक सिद्धार्थ के साथ होने के बाद से फिर इन्होंने अपने ख़ुद के स्वार्थ में आकाश आनन्द की इमेज को काफी कुछ ख़राब करने का प्रयास किया है। इसके कारण आकाश आनन्द में सुधार लाने के उद्देश्य से इनको पार्टी से कई बार निकालना भी पड़ा और ग़लती का एहसास होने के बाद फिर इनको वापस भी लेना पड़ा है।
मायावती ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद से अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिये कि पार्टी को फिर से इनको अलग करना पडे़। आगे कहा कि जिस प्रकार से आकाश शादी से पहले पार्टी को कभी भी कोई शिकायत का मौका नहीं दिया है, जिसके कारण इनको कभी भी पार्टी से निकालना नहीं पड़ा है और अब अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है कि इनको अब आगे कभी भी पार्टी से निकालने की ज़रूरत पडे़गी और अब वे राजनीति में आगे ही बढ़ेंगे, ऐसी सभी को पूरी-पूरी उम्मीद भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक