मदर्स डे: घरों में सहायिका का कार्य करने वाली माताओं का पन्नाधाय स्मृति सेवा ने किया सम्मान
वाराणसी,10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में मातृ दिवस (मदर्स डे)पर रविवार को पन्ना धाय स्मृति सेवा न्यास की ओर से सुंदरपुर में घरों में सहायिका का कार्य करने वाली माताओं का सम्मान किया गया। संस्था की प्रधान न्यासी कविता मालवीय ने आत्मीय माहौल में सुंदरपुर मोहल्ले के रविदास मातृ शक्ति के साथ मातृ दिवस मनाया। सभी को पुष्प माला पहनाकर उन्हें केक खिलाया और उपहार दिया। इस दौरान बस्ती में बच्चों की प्रसन्नता भी चरम थी। बच्चों ने भी अपने हाथों से अपनी माताओं को केक खिला कर शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद लिया। इस दौरान संदेश दिया गया कि दुनिया में मां सबसे अनमोल है। उनका हमेशा सम्मान करें। माता बच्चों की पहली गुरु होती हैं। उनका त्याग, स्नेह और प्यार सबसे खास है। उनके स्नेह व संस्कारों का हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इस मातृ दिवस पर, आइए हम सभी माताओं की असीम शक्ति और करुणा को सम्मान दें। वे परिवारों का पालन-पोषण करने से कहीं अधिक करती हैं,वे हमारे भविष्य को आकार देती हैं। कार्यक्रम में आशीष एवं किरण पांडेय ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी