लखनऊ में 28 अक्टूबर से शुरू होगा 11 दिवसीय 'माटीकला महोत्सव'
लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा राजधानी लखनऊ में बुधवार 28 अक्टूबर से 07 नवम्बर 2026 तक चलने वाले 'माटीकला महोत्सव-2026' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पारंपरिक शिल्पकारों को सीधा मंच उपलब्ध कराने तथा माटीकला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव की मुख्य थीम 'मिट्टी से संस्कृति, संस्कृति से समृद्धि' रखी गई है।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली माटीकला उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन बुधवार सायं 05:00 बजे उप्र माटीकला बोर्ड, खादी भवन प्रांगण डालीबाग में होगा। यह जानकारी मंगलवार कोविभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है। जिसमें बताया गया कि इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे। उद्घाटन समारोह में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर उपस्थित रहेंगे। इस 11 दिवसीय महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सिद्धहस्त शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट माटीकला उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उप्र माटीकला बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर ने सभी नागरिकों, कला प्रेमियों एवं संभ्रांतजनों से अपील की है कि वे इस अवसर पर खादी भवन प्रांगण में पधारकर स्थानीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों का अवलोकन करें और उनका उत्साहवर्धन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन