मथुरा-वृंदावन में मुलायम-अखिलेश के विवादित पोस्टर पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश

 




मथुरा, 14 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विवादित होर्डिंग लगाए जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस घटना को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में गहरा आक्रोश है।

गोवर्धन चौराहे के पास हाईवे और एफसीआई गोदाम के निकट मंगलवार सुबह दो विवादित होर्डिंग देखे गए। इन होर्डिंगों में सपा के शीर्ष नेताओं को एक धर्म विशेष की टोपी पहने हुए दिखाया गया था। पाेस्टर में आपत्तिजनक नारे लिखे थे। सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों और राहगीरों की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी, किसी ने इनका वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला गरमा गया।

घटना की भनक लगते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भारी संख्या में विरोध दर्ज कराने के लिए सक्रिय हो गए। माहौल बिगड़ता देख और सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों ही विवादित होर्डिंगों को तत्काल प्रभाव से नीचे उतरवा दिया।

सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया। वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह दूषित मानसिकता के असामाजिक तत्वों का काम है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से इन अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पुलिस ने पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखते हुए अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार