भूतेश्वर अखाड़े में जिला पंचायत सदस्य ने 20 राउंड फायरिंग , पहलवानों में दहशत

 


पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य को किया गिरफ्तार, कारतूस और हाईकोर्ट लिखी स्कार्पियों की जब्त

मथुरा, 06 जून(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भूतेश्वर अखाड़े में एक जिला पंचायत सदस्य ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने अखाड़े में अभ्यास कर रहे पहलवानों पर न सिर्फ हमला किया, बल्कि दहशत फैलाने के लिए लाइसेंसी और अवैध हथियारों से करीब 20 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई और पहलवान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

गौरतलब हो कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे भूतेश्वर अखाड़े में पहलवान करन समेत कई अन्य पहलवान रोज की तरह अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान शेरगढ़ के सेहू निवासी जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुमार शर्मा अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से साथियों के साथ वहां आ धमका। आरोप है कि दिनेश कुमार शर्मा और उसके साथियों ने आते ही पहलवान करन को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर जब अन्य पहलवानों ने विरोध जताया, तो आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए अपने लाइसेंसी और अवैध असलहों से हवा में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख आरोपी जिला पंचायत सदस्य और उसके साथी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी जिला पंचायत सदस्य को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है, जिस पर हाईकोर्ट लिखा हुआ है। मौके से पुलिस को कारतूसों के खोखे भी बरामद हुए हैं।

लड़की से जुड़ा है विवाद, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरा विवाद एक लड़की को लेकर सामने आ रहा है, जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुमार शर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही आधा दर्जन (6) मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी पिस्टल के लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई (संस्तुति) कर रही है। पीड़ित पहलवान करन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार