मथुरा : मिट्टी के ढेर में दबा मिला युवक का शव

 


मथुरा, 09 मई (हि.स.)। थाना बलदेव क्षेत्र में शनिवार को अवैरनी चौराहा पर चंद्रवीर कोल्ड स्टोरेज ईंट मंडी के पास खाली प्लॉट में मिट्टी के ढेर में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मिट्टी से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बलदेव में बादाम पेट्रोल पंप के सामने निवासी नत्थी सिंह तोमर ने पुलिस को सूचना दी अवैरनी चौराहा पर ईंट मंडी के पास चंद्रवीर कोल्ड स्टोरेज के खाली पड़े प्लॉट में व्यक्ति का शव मिट्टी में दबा हुआ है। बलदेव थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दयाशंकर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। शव को मिट्टी से बाहर निकाला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर मृतक की पहचान गोविंद (28) पुत्र मेवालाल बघेल निवासी सुंदरपुरा की खोर, थाना लहारा, जिला भिंड मध्य प्रदेश के रूप में हुई। गोविंद मामा जयकरण के साथ अवैरनी चौराहे पर किराये के मकान में रह रहा था। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट टीम ने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।

शनिवार शाम थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया युवक का शव मिला है। शव की पहचान हो गई है। मौत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में हुई, शव को मिट्टी में क्यों दबाया गया, पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार