मथुरा : नाले में गिरी कार, एक युवक की मौत व दो गंभीर

 


मथुरा, 10 अक्टूबर (हि.स.)। थाना हाईवे क्षेत्र अंतर्गत महोली रोड पर रमनलाल सोरवाला पब्लिक स्कूल के सामने शनिवार दोपहर कार बैक करते समय अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा पलटी। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

शनिवार नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) एवं पीआरवी 6695 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि महोली रोड पर रमनलाल सोरवाला पब्लिक स्कूल के समीप एक बलेनो कार पंजीकरण संख्या 9033 नाले में गिर गई है और उसमें लोग फंसे हुए हैं। कार में आमीन (24 वर्ष) पुत्र अकबर, निवासी गोपालनगर, थाना हाईवे (मथुरा) एवी (18 वर्ष) पुत्र हनीफ, निवासी देवनगर, थाना कोतवाली (मथुरा), राहुल (18 वर्ष) पुत्र इशक, निवासी देवनगर, थाना कोतवाली (मथुरा) सवार बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चालक द्वारा कार को बैक करते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सीधे नाले में जा गिरी और पलट गई। सूचना मिलते ही थाना हाईवे प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल, थाना हाईवे के उप-निरीक्षक आनंद सिंह पुलिस बल और फील्ड यूनिट (सीसी टीम) के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से नाले में फंसी कार को बाहर निकलवाया और तीनों घायलों को उपचार के लिए पास के डीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान 18 वर्षीय राहुल पुत्र इशक की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा मृतक के शव को पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मथुरा भिजवा दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार