प्रेस लिखे फर्जी वाहनों के विरूद्ध ब्रज प्रेस क्लब चलायेगा अभियान

 


मथुरा, 18 जुलाई(हि.स.)। ब्रज प्रेस क्लब ने 25 जुलाई से प्रस्तावित फर्जी पत्रकारों एवं प्रेस लिखे फर्जी वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्णय किया है।

बृज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने शनिवार दोपहर अपने जारी बयान में कहा है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन इसका दुरुपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। आज मोबाइल और माइक्रोफोन लेकर कोई भी स्वयं को पत्रकार बताने लगता है, जबकि उसके पास न तो पत्रकारिता का प्रशिक्षण होता है और न ही समाज के प्रति जवाबदेही।

उन्होंने कहा कि समिति का अभियान वास्तविक पत्रकारों के विरुद्ध नहीं, बल्कि पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियां करने वाले फर्जी पत्रकारों तथा अवैध रूप से प्रेस लिखकर चलाए जा रहे वाहनों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि अंतिम सप्ताह जुलाई से अभियान का शुभारंभ शुरू कराया जाएगा। जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी से मिल कर विशेष अभियान पूरे बृज क्षेत्र में चलाया जाएगा।

उन्होंने बृज क्षेत्र के सभी प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता, समाज के विश्वास और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा की रक्षा के लिए सभी जिम्मेदार पत्रकारों को एकजुट होना होगा।

यह अभियान फर्जी पत्रकारों और प्रेस का दुरुपयोग करने वाले लोगों के विरुद्ध होगा। यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की साख बचाने का जन-जागरण अभियान की तरह होगा है। उन्होंने कहा कि वास्तविक पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान पूरे बृज क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश देगा।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार