मथुरा : बीजेपी की हाई-प्रोफाइल चिंतन बैठक सोमवार से, चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर हाेगा मंथन

 

सीएम योगी सहित 40 दिग्गज जुटेंगे

मथुरा, 15 नवम्बर (हि.स.)। फरह परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर 2026 को दो दिवसीय विशेष चिंतन बैठक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पार्टी चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर मंथन करेगी।

अयोध्या और काशी के बाद ब्रजभूमि को केंद्र में रखकर भाजपा यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि मथुरा और भगवान श्रीकृष्ण उसके राजनीतिक और सांस्कृतिक एजेंडे के अहम केंद्र हैं। इस मंथन के जरिए पार्टी ब्रज क्षेत्र में अपने वैचारिक और संगठनात्मक आधार को और अधिक मजबूत करने की तैयारी में है। रविवार शाम पार्टी जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने बताया कि इस मेगा इवेंट और चिंतन बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस दो दिवसीय मंथन में पार्टी के करीब 40 शीर्ष दिग्गज नेता एक साथ बैठकर चुनावी चुनौतियों और राजनीतिक समीकरणों पर विचार-विमर्श करेंगे।

बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों उप मुख्यमंत्री - केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष प्रमुख नेता शामिल होंगे। सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी तथा प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य भी रहेंगे। इसके अलावा, 17 नवंबर को खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस हाई-प्रोफाइल चिंतन बैठक में विशेष रूप से शिरकत करेंगे। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और निष्क्रिय इकाइयों को फिर से सक्रिय करने की कार्ययोजना बनेगी। चुनाव से पहले एक ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार करना जो मतदाताओं से सीधा और प्रभावी संवाद स्थापित कर सके। साथ ही, युवाओं, महिलाओं, नए मतदाताओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर जोर होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क साधने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने में संगठन की भूमिका तय की जाएगी। संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, बदलते जातीय व सामाजिक समीकरण, विपक्ष की संभावित रणनीतियों, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे संवेदनशील विषयों पर पार्टी नेतृत्व गंभीर मंथन करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार