ठाकुर श्रीबांके बिहारीजी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 19वीं बैठक संपन्न
लाइव स्ट्रीमिंग और दान में मिले स्वर्ण-रजत रथ-झूलों के उपयोग पर हुई चर्चा
मथुरा, 08 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में वृंदावन के लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में मंगलवार शाम ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 19वीं बैठक आयोजित की गई। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पुजारियों-सेवाइट्स के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के पहले एजेंडे के रूप में सफाई कर्मचारियों के पिछले समय के अवशेष भुगतान की प्रक्रिया निर्धारित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। आगामी पर्वों और त्योहारों के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर मंथन हुआ। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन के सजीव प्रसारण के लिए प्रसार भारती के आवेदन और इसके लिए विज्ञापन नीति तय करने को लेकर विचार किया गया।
बैठक का एक अहम मुद्दा यह रहा कि श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में दान किए गए बहुमूल्य सामान - जैसे स्वर्ण-रजत हिंडोला (झूला), रथ, रजत शेष सिंहासन, स्वर्ण-रजत नौका, हाथी सूँढ़ सिंहासन, सूर्यप्रभा और चंद्रप्रभा सिंहासन आदि का इस वर्ष परंपरा के अनुरूप ठाकुर जी की सेवा में प्रयोग न किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिस पर गंभीर परिचर्चा की गई। वहीं हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों ने मंदिर परिसर में फूलों की सजावट को निरंतर जारी रखने पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा बैंकों के प्रबंधकों के साथ पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति और समिति द्वारा कार्यभार संभालने के बाद से अब तक बैंकों द्वारा मंदिर एवं श्रद्धालुओं के हित में कराए गए कार्यों (लागत सहित) की समीक्षा की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार के साथ-साथ मुकेश मिश्रा (सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सदस्य) विकास कुमार (जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मथुरा/सदस्य) प्रत्यूष आनन्द मिश्रा (मुंसिफ/सिविल जज, मथुरा/सदस्य), चन्द्र प्रकाश सिंह (जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर/सदस्य सचिव) लक्ष्मी एन (उपाध्यक्ष, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण/सदस्य), डॉ. स्मिता एस. कुमार (अधीक्षण पुरातत्वविद्, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा/सदस्य), राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी, शयनभोग समूह से गोपेश गोस्वामी एवं हिमांशु गोस्वामी सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार