मथुरा में अक्षय नवमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
मथुरा, 18 नवम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में अक्षय नवमी के पावन अवसर पर ब्रजमंडल में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पंचकोसीय और चौदह कोसीय परिक्रमा में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मथुरा की पंचकोसीय परिक्रमा के साथ-साथ मथुरा-वृंदावन की परिक्रमा लगाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा ब्रजमंडल राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय नजर आया।
परिक्रमार्थियों की सेवा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से बुधवार को डैम्पियर नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के समीप एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों ने परिक्रमार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जरूरतमंदों को विभिन्न प्रकार की दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई। लंबी दूरी की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेठा और पीने के पानी का प्रसाद भी वितरित किया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया और स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की भूरी-भूरी सराहना की। कार्यक्रम के संबंध में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अक्षय नवमी पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु ब्रज की परिक्रमा करने पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। संघ द्वारा प्रत्येक वर्ष परिक्रमार्थियों की सुविधा और सेवा के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाते हैं। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का संदेश दिया। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को चिकित्सा सहायता, दवाइयां, पेठा और पानी उपलब्ध कराकर सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश की गई।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार