मथुरा: पांडेय फर्नीचर शोरूम में शार्ट सर्किट से लगी आग से 20 लाख का नुकसान
मथुरा, 07 सितम्बर(हि.स.)। शहर कोतवाली क्षेत्र के बीएसए मार्ग पर स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी में सोमवार शाम 6ः30 बजे पांडेय फर्नीचर शोरूम में आग लग गई। शोरूम में रखे फोम, गद्दे, सोफे,बेड और फर्नीचर के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में शोरूम से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। इस घटना से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे शोरूम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने शोरूम के अंदर रखे फोम और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। फाेम में आग लगने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब पौने घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान दमकल कर्मियों ने आसपास के हिस्से को भी सुरक्षित किया, जिससे आग दूसरी दुकानों और आसपास के मकानों तक फैलने से बच गई।
शोरूम संचालक मोनू पांडेय ने बताया कि आग लगने के समय वह शोरूम पर नहीं थे। पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें आग लगने की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक शोरूम में रखा फर्नीचर, फोम, गद्दे और अन्य सामान आग की चपेट में आ चुका था।
उन्होंने बताया कि आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। संचालक के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तब तक शोरूम में रखा ज्यादातर फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम घटना के कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
एफएसओ नरेश कुमार सिंह ने बताया कि फर्नीचर शोरूम के ऊपर एक परिवार रह रहा था, जिसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। आसपास के कई घरों को भी खाली कराया गया। अभी तक किसी भी प्रकार की काेई जनहानि नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार