चार मंजिला फर्नीचर शोरूम में आग से लाखों का सामान राख

 


कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक चार मंजिला फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों और धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई देता रहा। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ से अधिक गाड़ियां और एक विशेष वाटर टेंडर मौके पर पहुंचा। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते आग चारों मंजिलों में फैल गई। शुरुआती सूचना में शोरूम के भीतर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद दमकल और पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर गोविंदपुरी पुराने पुल के पास यातायात रोक दिया गया, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही फजलगंज, किदवई नगर समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से आठ से अधिक दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। इसके साथ ही एक वाटर स्पेशलाइज्ड वाहन भी लगाया गया। दमकल कर्मियों ने तीन दिशाओं से मोर्चा संभालकर आग पर काबू पाया, जिसके बाद लंबे समय तक कूलिंग का कार्य जारी रहा।

शोरूम संचालक गौरव भसीन ने बताया कि आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप