प्लास्टिक फर्नीचर के गोदाम में लगी भीषण आग, दो किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
कानपुर, 09 जून (हि.स.)। चमनगंज थाना क्षेत्र के भन्नानापुरवा स्थित प्लास्टिक फर्नीचर के गोदाम में मंगलवार को भीषण आग लग गई। गोदाम में रखी प्लास्टिक सामग्री ने आग को तेजी से फैलाया, जिससे कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। आग से उठने वाला काले धुएं का घना गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक आसमान में दिखाई देता रहा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठानों से सामान हटाना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल वाहनों के लिए रास्ता खाली कराया और आसपास के क्षेत्र में यातायात का डायवर्जन किया।
जानकारी के अनुसार भवन के ऊपरी हिस्से में प्लास्टिक फर्नीचर का गोदाम संचालित था। आग लगने के बाद देखते ही देखते वहां रखा सामान जलने लगा। सूचना पर लाटूश रोड, कर्नलगंज, फजलगंज, मीरपुर कैंट और किदवई नगर समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से नौ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्लास्टिक सामग्री होने के कारण धुआं अधिक निकल रहा था। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसके बाद दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग का कार्य कराया गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में प्लास्टिक फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में बिजली कनेक्शन नहीं था, ऐसे में अन्य संभावित कारणों पर भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप