कानपुर के मैक्स शोरूम में लगी भीषण आग, काले धुएं के गुबार के बीच नाै लाेगाें काे किया गया रेस्क्यू
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केशवपुरम स्थित मैक्स कपड़ों के शोरूम में शुक्रवार शाम अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता काले धुएं का विशाल गुबार आसमान में छा गया, जिसे करीब दो किलोमीटर दूर तक देखा गया। शोरूम के भीतर मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।
आग की सूचना के बाद शोरूम कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ती गईं और पूरा परिसर धुएं से भरने लगा। हालात बिगड़ते देख कर्मचारी भी पीछे हट गए। इसी बीच आसपास के फायर स्टेशनों से आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में करीब एक दर्जन फायरफाइटर सुरक्षा उपकरणों के साथ धुएं से भरी बिल्डिंग में दाखिल हुए। तलाशी के दौरान अंदर फंसे नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बेसमेंट की ओर से लगातार धुआं निकलने के कारण राहत और बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। धुआं इतना घना था कि अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। रेस्क्यू किए गए लोगों को चिकित्सकीय सहायता देने के लिए डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गई। धुआं बाहर निकालने के लिए शोरूम के अंदर एग्जॉस्ट फैन लगाए गए, जिसके बाद फायरफाइटरों ने दोबारा अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
उधर, आग की सूचना पर कल्याणपुर पुलिस के साथ पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास की भीड़ को हटाकर दमकल कर्मियों के लिए रास्ता साफ कराया। आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोग भी सहम गए और मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
शोरूम के भीतर धुआं कम होने के बाद फायरफाइटरों ने अंदर के हिस्सों की बारीकी से जांच शुरू की। आग पर पूरी तरह काबू पाने के साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर तो नहीं रह गया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका सामने आई है, जबकि आग से हुए नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। घटना के बाद शोरूम और आसपास के इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप