बुलंदशहर गुलावठी में इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, कई लाख का नुकसान
बुलंदशहर, 20 मई (हि.स.)। बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र में स्थित एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कई लाख के इलेक्ट्रॉनिक कीमती सामान जलकर राख होने का अनुमान है।
जानकारी के मुताबिक, यह भीषण आग गुलावठी थाने के पास जीटी रोड पर स्थित प्रसिद्ध मधुर सेल्स शोरूम में लगी है। शोरूम में टीवी, एलईडी, फ्रिज, एसी, कूलर और गद्दे जैसे भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान रखे हुए थे। शोरूम के संचालक, उनके भाइयों और वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत शोरूम से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब एक घंटा देरी से पहुंची दमकल की गाड़ियां
आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। नगर पालिका के टैंकर भी आग बुझाने में लगे। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है।
धर्मेंद्र कुमार शर्मा थानाध्यक्ष गुलावठी ने बताया कि गुलावठी में 'मधुर सेल्स' इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में लगी भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। प्रशासन और स्थानीय लोग राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Pawan Sharma