सामूहिक विवाह समारोह में 26 जोड़ों ने लिए सात फेरे, दहेज प्रथा मिटाने का दिया संदेश
औरैया, 10 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विकास खंड भाग्यनगर क्षेत्र के ग्राम जैतपुर डेरा में बंजारा समाज द्वारा आयोजित सातवें सामूहिक विवाह समारोह में 26 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज के साथ अग्नि को साक्षी मानकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह का उद्देश्य समाज में एकता बढ़ाना तथा दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करना रहा।
कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश से आए बंजारा समाज के धर्मगुरु ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समानता और सादगी को बढ़ावा देते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया एवं सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। विधायक ने बंजारा समाज के लिए आवासीय कन्या विद्यालय की मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।
समारोह में कानपुर देहात, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद और जालौन सहित विभिन्न जनपदों से आए जोड़ों ने विवाह संपन्न किया। आयोजन समिति की ओर से नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भी भेंट किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार