‘वंदे मातरम्’ राष्ट्र का यशगान और प्राण : डॉ. उदय प्रताप सिंह

 

-राष्ट्र विरोधी के लिए काल बनेगा वंदे मातरम का गान : महापौर

-प्रयाग उत्थान समिति ने निकाली सामूहिक वंदे मातरम् यात्रा

प्रयागराज, 21 दिसम्बर (हि.स.)। प्रयाग उत्थान समिति के तत्वावधान में समिति के अध्यक्ष एवं ठाकुर हरनारायण सिंह ग्रुप ऑफ कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में तिरंगा झंडा लहरा कर राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के गीत और उद्घोष कर सामूहिक वंदे मातरम् यात्रा का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर डायरेक्टर ने कहा कि देश आज राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है, लेकिन इस देश के अंदर आज भी कांग्रेस, सपा जैसे तथाकथित राजनैतिक दल अपने वोट बैंक के लिए राष्ट्र विरोधी ताकतों को मजबूत करने के लिए वंदे मातरम् गीत का अपमान करते हैं। जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने संसद के अंदर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के विरोधियों को करारा जवाब दिया है और अब बारी देशवासियों की है। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के लिए सामूहिक रूप से एक हों और राष्ट्र विरोधी ताकतों को उखाड़ फेंके, क्योंकि वंदे मातरम सिर्फ गीत नहीं,भारत के यश का गान और प्राण है।

महापौर गणेश केसरवानी ने सामूहिक वन्दे मातरम् यात्रा का भव्य स्वागत बैरहाना में किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंदे मातरम राष्ट्र विरोधी ताकतों के लिए काल बन जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक महामंत्री अभिषेक ठाकुर ने संचालन किया।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि यात्रा ठाकुर हरनारायण सिंह ग्रुप आफ कॉलेज करैलाबाग से मां भारती की झांकी के साथ सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ निकली,जो नूरूल्ला रोड, अटाला, गोल पार्क, बलुवाघाट, कटघर, मुट्ठीगंज, रामभवन, कोठा पारचा मेडिकल कॉलेज, सुभाष चौराहा सिविल लाइन, एजी ऑफिस, गीता निकेतन, बैरहाना होते हुए नारी बारी में सम्पन्न हुई। सामूहिक वन्दे मातरम् यात्रा का स्वागत जगह-जगह पर मां भारती की झांकी पर पुष्प अर्पित करते हुए किया गया। यात्रा में अनुराग सिंह, अजीत सिंह, हिमांशु, शिवम अग्रहरी, अभिलाष केसरवानी, शुभम, अन्नू केसरवानी, रजत सोनकर, मोनू सेठ, सुनील केसरवानी, दीपक केसरवानी आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र