सीएसजेएमयू में नवकार दिवस पर सामूहिक जाप के जरिये दिया जाएगा विश्व में शांति और सद्भाव का संदेश : डॉ. कोमलचंद्र जैन
कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व शांति और वैश्विक सद्भाव की स्थापना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सामूहिक आध्यात्मिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नवकार महामंत्र का जाप आत्मिक शांति और एकता का संदेश देता है। इससे समाज और राष्ट्र में सौहार्द को बढ़ावा मिलता है। “नवकार महामंत्र दिवस आध्यात्मिक समरसता और नैतिक स्वतंत्रता का पर्व है। यह बातें मंगलवार को डॉ. कोमलचंद्र जैन ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में गुरुवार को विश्व शांति और वैश्विक सद्भाव की कामना के साथ सामूहिक नवकार महामंत्र आराधना का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सेनानायक तात्याटोपे सिनेेट हॉल में प्रातः 8:30 बजे से आयोजित होगा।
यह आयोजन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के तत्वाधान में विश्व नवकार दिवस के अवसर पर किया जा रहा है, जिसमें भारत सहित विश्व के 108 देशों के लिए एकसाथ नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा। विश्वविद्यालय में इसका आयोजन आचार्य विद्यासागर सुधासागर जैन शोध पीठ की ओर से किया जाएगा।
राजीव जैन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विश्व में शांति और सद्भाव का संदेश देना है। वहीं सीए अरविंद जैन ने कहा कि सामूहिक जाप के माध्यम से विश्व कल्याण की भावना को सुदृढ़ किया जाएगा।
डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय परिवार एवं समाज के सभी लोगों से इस आयोजन में सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से एकता, आध्यात्मिक शांति और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप