रात में पुलिया पर बैठा राज मिस्त्री नहर में गिरा, तीन घंटे बाद शव बरामद
औरैया, 04 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जलोखर निवासी एक राज मिस्त्री गर्मी के चलते देर रात घर के पास स्थित नहर की पुलिया पर हवा लेने के बैठा था। तभी अचानक से वह नहर में गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक को नहर में खोजने का प्रयास किया। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जलोखर निवासी विशाल कुमार (28) पुत्र रविंद्र सिंह राज मिस्त्री का काम करता था। बुधवार रात लगभग आठ बजे के बाद वह गर्मी के चलते घर के पास से निकली नहर पर हवा लेने के लिए बैठकर आराम करने लगा। तभी अचानक से उसका संतुलन बिगड़ गया। जिससे वह सीढ़ियों पर गिरते हुए चढ़ी नहर के गहरे पानी में गिर कर डूब गया। इसी दौरान उधर से निकल रहे टैक्टर के चालक ने लाइट में युवक को गिरते देखा तो गांव वालों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही माैके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गहरे पानी में युवक की खोजबीन शुरू कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लगभग तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को ढूंढकर पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब-तक उसकी मौत हो चुकी थी। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए चिचैली भेज दिया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार