शहीदों के बलिदान दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
अमेठी, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में साेमवार काे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह सहित अन्य वीर सपूतों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया। शिविर में क्षेत्र के तमाम लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि डॉ. अंशुमान सिंह के हाथों प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अंशुमान सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके बलिदान दिवस पर आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से एकत्रित रक्त जरूरतमंद, गरीब और असहाय मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक एवं कर्मचारी के साथ-साथ अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे और शिविर के सफल संचालन में योगदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी