मारुति सर्विस सेंटर में लगी आग, जली कार

 


फर्रुखाबाद,22 अप्रैल (हि.स.)। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। बरेली–इटावा हाईवे पर स्थित एक मारुति शोरूम के सर्विस सेंटर में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट के चलते लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित मारुती शोरूम के सर्विस सेंटर की है। दोपहर करीब डेढ़ बजे सर्विस सेंटर में प्रथम तल की छत पर खड़ी पुरानी ओमनी कार में आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख कर्मचारियों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। सूचना मिलने के करीब आधा घंटे के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची । कड़ी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। कोतवाल रणविजय सिंह का कहना है कि आग किन कारणों से लगी इसका पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar