संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

 


देवरिया, 15 मई (हि.स.)। देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पथरदेवा गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के आंगन में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सी ओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मृतका की पहचान अंकिता उर्फ गुड़िया (32) पत्नी भीम प्रजापति निवासी पथरदेवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकिता की शादी वर्ष 2011 में भीम प्रजापति के साथ हुई थी। दम्पति के तीन बच्चे पीहू (13), रुही (8) और पीयूष (6) हैं। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही अंकिता को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा था। आए दिन मारपीट और विवाद की शिकायतें मिलती थीं। कई बार समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

शुक्रवार सुबह अंकिता का शव घर के आंगन में दुपट्टे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मृतका के पति भीम प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक