विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप, पति समेत 7 पर मुकदमा
जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उक्त थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनीता पटेल (30) की शनिवार रात तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के पिता किशन पटेल निवासी चतुर्भुजपुर (थाना बरसठी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2017 में मुकुंदपुर निवासी शैलेश कुमार पटेल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त पांच लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर सुनीता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि 28 मार्च की रात पति, जेठ, ससुर सहित अन्य परिजनों ने मिलकर सुनीता की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष द्वारा नहीं दी गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस सम्बंध मे प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।मृतका के पीछे पांच वर्षीय पुत्री आंशि पटेल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव