पंखा हटाते समय करंट की चपेट में आई विवाहिता, मौत

 


जौनपुर, 03 सितंबर (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के नाहरमऊ गांव में गुरुवार सुबह घर में झाड़ू लगाते समय पंखा हटाकर दूसरे स्थान पर रखना एक विवाहिता के लिए जानलेवा साबित हो गया। बिजली के करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

नाहरमऊ गांव निवासी बीरेंद्र कुमार गौतम की पत्नी कंचन (35) गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पास में चल रहे पंखे को दूसरे स्थान पर रखने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे के समय घर में छोटे बच्चे ही मौजूद बताए गए।

जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में कंचन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई।

कंचन का मायका सुजानगंज क्षेत्र के अरुआ गांव में है। वह अवधेश गौतम की बेटी थीं। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। इनमें बेटा आरके करीब पांच वर्ष और बेटी मीनाक्षी करीब चार वर्ष की है। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव