'मन की बात' समाज में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी का सशक्त माध्यम : अनिल दीक्षित

 


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के आगामी प्रसारण को लेकर भाजपा कानपुर उत्तर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बातें शुक्रवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।

नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में आगामी अंतिम रविवार को होने वाले 'मन की बात' कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने मंडल और बूथ पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, प्रबुद्धजनों, लाभार्थियों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मंडलवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए 'मन की बात' कार्यक्रम को जन-उत्सव के रूप में आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, जन्मेजय सिंह, सीमा, मोनेन्द्र राजपूत, पूनम कंवर, जीतू कश्यप, प्रभाकर अवस्थी, सुरेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप